भारतीय टीम के खिलाड़ी युवराज सिंह बॉलीवुड एक्ट्रेस हेजल कीच के साथ शादी के बंधन में बंध गए हैं। दोनों ने फतेहगढ़ साहिब के डेरे दुफेड़ा गुरुद्वारे में फेरे लेकर पंजाबी रीति-रीवाज में शादी की। इस दौरान सिख रीति रिवाज से शादी करने के बाद हेजल कीच अब गुरुबसंत कौर हो गई हैं।
आपको बता दें कि युवराज की माँ ने हेजल को ये दूसरा नाम दिया हैं। आनंद कारज समारोह के बाद इस जोड़ी ने डेरा प्रमुख बाबा राम सिंह से आशीर्वाद लिया। युवराज और हेजल उस स्थल पर परिणय सूत्र में बंधे जिसका चयन इस क्रिकेटर की मां शबनम सिंह ने किया था।
लेकिन आपको बता दें कि इस शादी में युवराज के पिता और पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह डेरे में अपने बेटे के विवाह समारोह में शामिल नहीं हुए। योगराज ने पहले ही कह दिया था कि वह शादी में शरीक नहीं होंगे क्योंकि वह डेरा प्रमुख द्वारा शादी करवाए जाने के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा था वह ईश्वर में विश्वास करते हैं, धार्मिक गुरू में नहीं।
बता दें कि शादी में परिवार के लोग और कुछ ख़ास मेहमान, दोस्त ही शामिल हुए थे। नवविवाहित जोड़े ने सुनहरी मैरून रंग की पोशाक पहन रखी थी। दुल्हन ने मैरून रंग का लहंगा पहना था जिस पर सुनहरी कढ़ाई थी।






































