श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान ने वनडे और टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा कर दी है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी वनडे सीरीज का तीसरा मैच दिलशान के करियर का आखिरी वनडे इंटरनेशनल होगा।
फिलहाल ये सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। दांबुला में श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा मैच रविवार को खेला जाना है। वहीं कोलंबो में 9 सितंबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही खेला जाने वाला टी-20 मैच उनके करियर का आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मैच होगा।
खबरों के मुताबिक चयनकर्ताओं के दबाव के चलते दिलशान ने संन्यास का फैसला लिया। दिलशान पिछले कुछ सालों से अच्छी फॉर्म में रहे हैं इतना ही नहीं उन्होंने 2015 में 52.47 की औसत से 1207 रन ठोके।
ऐसी खबरें हैं कि कप्तान एंजलो मैथ्यूज और चयनकर्ता 2019 वर्ल्ड कप के लिए टीम तैयार करना चाहते हैं और इसीलिए दिलशान पर संन्यास लेने का दबाव डाला गया। दिलशान वनडे टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं।
उन्होंने 11 दिसंबर 1999 को जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज किया था। दिलशान ने 329 वनडे मैचों में 10,248 रन ठोके हैं। वनडे क्रिकेट में 10,000 से ज्यादा रन बनाने वाले दिलशान महज चौथे श्रीलंकाई बल्लेबाज हैं। इसके अलावा उन्होंने टीम के लिए 106 विकेट भी लिए हैं। दिलशान के नाम पर क्रिकेट में एक शॉट है, जिसे ‘दिलस्कूप’ कहते हैं। श्रीलंका क्रिकेट ने फैसला किया है कि तीसरा वनडे मैच दिलशान के सम्मान में खेला जाएगा।


























