बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल के बेटे करण देओल के बॉलीवुड में डेब्यू की खबरें काफी समय से चर्चाओं में है। अब खबर है कि सनी देओल अपनी फिल्म ‘बेताब’ के सीक्वल ‘बेताब अगेन’ से अपने बेटे करण देओल को फिल्म इंडस्ट्री में लांच करेंगे।
सनी देओल अपने बेटे को लॉन्च करने के लिए काफी लंबे समय से एक अच्छी स्क्रिप्ट की तलाश में थे। चर्चा है कि सनी ‘बेताब अगेन’ के जरिये करण को लांच कर सकते हैं। सनी ने 1983 में प्रदर्शित फिल्म ‘बेताब’ से बॉलीवुड में कदम रखा था और अब चर्चा है कि 30 साल बाद वह इसके सीक्वल ‘बेताब अगेन’ से अपने बेटे को लॉन्च करने की तैयारी में हैं।
खबर यह भी है कि सनी अपने बेटे की जोड़ी सैफ अली खान और अमृता सिंह की बेटी सारा के साथ जमाना चाहते थे लेकिन बात नहीं बन सकी। ‘बेताब’ में सनी के साथ अमृता लीड रोल में नजर आई थीं। कहा जा रहा है कि सनी ने सारा को ‘बेताब अगेन’ में लेने के लिए अमृता सिंह को फोन भी किया था, लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया क्योंकि उनकी बेटी का धर्मा प्रोडक्शन के साथ कथित तौर पर करार हो गया था।
दरअसल आपको बता दें की सारा को लेकर चर्चाएं हैं कि वो करण जौहर की फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ ईयर 2’ से बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं।

























