बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की अभी हाल ही में ईद के मौके पर रिलीज हुई फिल्म “सुल्तान” बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर धमाल मच रही है। लेकिन आपको बता दें कि सलमान की सुल्तान अब मुसीबतों में घिरती नजर आ रही हैं।
दरअसल आपको बता दें कि बिहार के मुजफ्फरपुर में एक स्थानीय अदालत में सलमान के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए केस दर्ज किया गया हैं।
यह शिकायत बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान, अभिनेत्री अनुष्का शर्मा, फिल्म निर्देशक अली जफर अब्बास और अन्य के खिलाफ दर्ज हुई है। बता दें कि मुजफ्फरपुर के निवासी मोहम्मद साबिर अंसारी उर्फ साबिर बाबा ने 8 जुलाई को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में एक शिकायत मामला दायर कराया था।
साबिर का कहना था कि पिछले सप्ताह रिलीज ‘सुल्तान’ के कलाकार सलमान ने उन्हें उनकी जिंदगी पर आधारित फिल्म बनाने के लिए रॉयल्टी के रूप में 20 करोड़ रुपये देने का वादा किया था।उनके वकील सुधीर कुमार ओझा ने कहा कि साबिर ने साल 2010 में मुंबई में सलमान को अपनी कहानी सुनाई थी और अभिनेता ने वादा किया था कि अगर इस पर फिल्म बनाई गई तो वह इसके बदले उन्हें पैसे देंगे।
सीजेएम, मुजफ्फरपुर राम चंद्र प्रसाद के सामने मंगलवार को यह मामला सुनवाई के लिए आया जिन्होंने इसे न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एसके त्रिपाठी की अदालत में स्थानान्तरित कर दिया। इस मामले पर अगली सुनवाई 26 जुलाई को होगी।
































