अभी हाल ही में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के शो में अपनी फिल्म ‘सुल्तान’ को प्रमोट करने पहुंचे। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले खबरें आई थी कि सलमान ने कपिल के शो पर जाने से मना कर दिया है लेकिन सलमान अभी हाल ही में सुल्तान का प्रमोशन करने शो में पहुंचे।
सलमान खान अनुष्का संग इस शो में सेट पर पहुंचे और शूटिंग भी की। सलमान और अनुष्का की अपने शो पर मौजूदगी देख कपिल शर्मा की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। खबरों की मानें तो सलमान खान को कपिल के शो पर अपनी आने वाली फिल्म ‘सुल्तान’ के प्रमोशन करने के लिए आदित्य चोपड़ा ने मनाया है।
दरअसल कपिल और कलर्स के बीच हुए विवाद की वजह से सलमान उनके शो पर जाने से कतरा रहे थे। ऐसा इसलिए क्योंकि सलमान कलर्स चैनल पर आने वाले रियेलिटी शो ‘बिग बॉस’ को होस्ट करते हैं। ऐसे में सलमान नहीं चाहते थे कि जैसे मीका के कपिल के शो में जाने से कॉन्ट्रोवर्सी हुई वैसा ही कुछ उनके साथ भी न हो।
‘द कपिल शर्मा शो’ की पूरी टीम सलमान खान के सेट पर आने से बेहद खुश नजर आई। बता दें कि सलमान की फिल्म ‘सुल्तान’ कल 6 जुलाई ईद पर सिनेमाघरों में धूम मचाने के लिए तैयार है।



































