Hit & Run Case: Salman Khan सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज
आपको बता दें कि बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान पर चल रहे वर्षो पुराने बहुचर्चित केस हिट एंड रन केस में महाराष्ट्र सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। सुप्रीम कोर्ट में आज हिट एंड रन मामले में अभिनेता सलमान खान को बरी किए जाने के खिलाफ महाराष्ट्र सरकार की याचिका पर सुनवाई होगी।
जस्टिस जेएस खेहर और जस्टिस सी नागप्पन की बेंच सुनवाई करेगी। सलमान खान ने इस मामले में पहले ही कैविएट याचिका दाखिल की है। सलमान ने कहा है कि कोर्ट सरकार की याचिका पर अंतरिम आदेश देने से पहले उन्हें भी सुने।
गौरतलब है कि बॉम्बे हाईकोर्ट ने 2002 में हुए हिट एंड रन केस पर फैंसला सुनाते हुए सलमान खान को सभी आरोपों से बरी कर दिया था। लेकिन महाराष्ट्र सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।
आपको बता दें कि पिछले साल 6 मई को मुंबई की सत्र अदालत ने सलमान को दोषी ठहराते हुए पांच वर्ष कैद की सजा सुनाई थी। जेल जाने से बचने के लिए सलमान ने उसी दिन बॉम्बे हाई कोर्ट से सजा पर स्टे ले लिया था। बाद में सलमान ने अपनी सजा के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील की, जिस पर 10 दिसंबर को हाई कोर्ट ने बॉलीवुड स्टार को सभी आरोपों से बरी कर था।


















