खबर है कि बॉलीवुड के जाने-माने फिल्मकार सूरज बडज़ात्या एक बार फिर से सलमान खान को लेकर फिल्म बना सकते हैं। गौरतलब है कि सूरज बडज़ात्या ने सलमान खान को लेकर ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम साथ साथ हैं’ और पिछले वर्ष प्रदर्शित सुपरहिट फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ बनायी है।
चर्चा है कि सूरज बडज़ात्या, सलमान खान को लेकर एक और फिल्म बनाने जा रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने हाल ही में सलमान खान से मुलाकात की और उन्हें एक लाइन में फिल्म की कहानी सुनाई जिसे सुनने के बाद सलमान खान ने सूरज बडज़ात्या से इस पर काम करने को कहा है।
आपको बता दें कि सलमान खान इन दिनों रियलिटी शो ‘बॉस-10’ और कबीर खान की फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसके बाद वह आदित्य चोपडा निर्मित और अली अरबास जफर निर्देशित फिल्म ‘टाइगर जिन्दा है’ और अपने भाई अरबाज खान के निर्देशन में बनने जा रही ‘दबंग-3’ की शूटिंग शुरू करेंगे। इस फिल्म के बाद वह सूरज की फिल्म में काम करते नजर आ सकते हैं ।
























