इस स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति पर बानी फिल्म ‘रुस्तम’ का लखनऊ के मल्टीप्लेक्स में फ्री प्रदर्शन किया जाएगा। जिलाधिकारी राज शेखर ने बताया कि आजादी की भावना को मनाने के लिये हमने शहर के हर मल्टीप्लेक्स में ‘रुस्तम’ का एक शो मुफ्त में दिखाने का इंतजाम किया है।
उन्होंने बताया कि टिकटों का वितरण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा और उनमें से 10 प्रतिशत टिकट दिव्यांगों के लिये, 33 प्रतिशत टिकट वरिष्ठ नागरिकों के लिये तथा 33 फीसद टिकट स्कूल के छात्र-छात्राओं के लिये आरक्षित रहेंगे।शेखर ने बताया कि शहर के ‘वेव’, ‘फन’, ‘आईनॉक्स’, ‘पीवीआर’, ‘फीनिक्स’, ‘एसआरएस मॉल’, ‘सिंगापुर मॉल’ तथा ‘सिनेपोलिस मल्टीप्लेक्स’ में इस फिल्म की मुफ्त स्क्रीनिंग की जाएगी।
टीनू सुरेश देसाई द्वारा निर्देशित फिल्म ‘रुस्तम’ में अक्षय कुमार, इलियाना डिक्रूज के साथ ईशा गुप्ता भी हैं। फिल्म बीते शुक्रवार 12 अगस्त को सिनेमाघरो में रिलीज हो चुकी है। आपको यह भी बता दें कि ‘रुस्तम’ के अलावा देशभक्ति से ओतप्रोत फिल्म ‘नीरजा’ और ‘रंग दे बसंती’ का भी फ्री प्रदर्शन मल्टीप्लेक्स में किया जायेगा।
ये शो 13 से 15 अगस्त तक चलेंगे। 13 अगस्त को सीनियर सिटीजन (60 वर्ष से अधिक) के लिए 33 फीसदी टिकटों का वितरण होगा। 14 अगस्त को स्कूल व कॉलेज के बच्चों के 33 फीसदी टिकटों का वितरण फ्री होगा। इसके साथ ही गोमती नगर के फन मल्टीप्लेक्स में ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी प्राथमिक व जूनियर स्कूलों के 358 बच्चो को 15 अगस्त को नीरज फिल्म दिखाई जायेगी।































