इंदौर में कल खेले गए भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज के तीसरे टेस्ट के चौथे दिन भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। अश्विन ने छठी बार एक टेस्ट में 10 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं।
बता दें कि इस रिकॉर्ड के साथ ही अश्विन एक टेस्ट में 10 या उससे विकेट लेने वालों की लिस्ट में छठे नंबर पर आ गए हैं। साथ ही अश्विन हरभजन सिंह, वसीम अकरम, वकार यूनुस और डेल स्टेन जैसे महान गेंदबाजों से आगे निकल गए।
अश्विन ने पहली पारी में 81 रन देकर 6 और दूसरी पारी में सात विकेट लिए। उन्होंने मैच में 140 रन देकर 13 विकेट हासिल किए जो उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वह किसी टेस्ट सीरीज में एक से अधिक बार मैच में 10 विकेट चटकाने वाले हरभजन सिंह के बाद सिर्फ दूसरे भारतीय गेंदबाज है।
हरभजन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2000-2001 सीरीज में यह उपलब्धि हासिल की थी। अश्विन ने कानपुर में पहले टेस्ट में भी 10 विकेट हासिल किए थे। अश्विन ने सीरीज में कुल 27 विकेट लिए। इसके अलावा अश्विन महज 14वीं सीरीज में सातवीं बार मैन ऑफ द सीरीज बने हैं।
भारत ने अश्विन के डेब्यू के बाद जो आठ टेस्ट सीरीज जीती उनमें से सात में यह ऑफ स्पिनर मैन ऑफ द सीरीज बना। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार मैन ऑफ द सीरीज का खिताब जीतने वालों की लिस्ट में अश्विन छठे नंबर पर पहुंच गए हैं।
भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो अब सिर्फ भारतीय टीम के कोच अनिल कुंबले ही अश्विन से आगे हैं। टेस्ट क्रिकेट में 10 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा कुंबले ने 8 बार किया है। कुंबले ने 132 टेस्ट में 619 विकेट लिए थे।
कप्तान विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्टों की सीरीज को 3-0 से क्लीन स्वीप कर सुनील गावस्कर, नवाब पटौदी और राहुल द्रविड़ जैसे देश के दिग्गज कप्तानों को एक झटके में पीछे छोड़ दिया।




























