मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के लाफ्टर शो के स्क्रिप्ट राइटर केरा सिंह उर्फ़ रामभिषेक को यूपी एसटीएफ ने मुंबई में गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दें कि केरा सिंह आजमगढ़ में डबल मर्डर के एक मामले में पिछले सात वर्ष से वह वांछित चल रहा था। उस पर 30 हजार रुपए का भी इनाम था।
मुम्बई में यह रोहित सिंह के नाम पर रहकर बॉलीवुड में किस्मत आजम रहा था। एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि आजमगढ़ के थाना मेहनाजपुर में केरा सिंह के बाबा स्वर्गीय विभूति नारायण सिंह गांव के स्कूल में मैनेजर थे। उनका भूमि विवाद गांव के ही पूर्व प्रधान भूरे सिंह से चल रहा था।
2009 में मनोज सिंह उर्फ पतरू, अनिल सिंह पुत्र विभूति नारायण सिंह व उसके बेटे केरा ने अपने साथियों के साथ विरोधियो पर कारबाईन से हमला बोल दिया था। इसमें राम नरेश शर्मा व रामेश्वरम की मौत हो गयी थी और तीन अन्य लोग भी घायल हो गए थे।
बता दें कि इस घटना के बाद से ही केरा फरार चल रहा था। एसटीएफ ने केरा को अँधेरी वेस्ट से गिरफ्तार किया। गुरूवार को मुंबई की एक अदालत से 4 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर ले लिया गया।



































