बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की 2014 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘क्वीन’ का सीक्वल बनना लगभग तय माना जा रहा है। गौरतलब है कि ‘क्वीन’ में कंगना को उनकी दमदार एक्टिंग के लिए खूब प्रशंसा मिली थी।
खबरों की मानें तो फैंटम फिल्म्स 2014 में आई फिल्म का सीक्वल बनाने की तैयारियों में है। ‘क्वीन 2’ के लिए निर्देशक विकास बहल इसकी कहानी पर काम कर रहे हैं। फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी होने के बाद ही कंगना के साथ बातचीत की जाएगी।
गौरतलब है कि ‘क्वीन’ का निर्देशन विकास बहल ने किया था और इसके निर्माता अनुराग कश्यप, विक्रमादित्य मोटवानी और मधु मंटेना थे। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार किया था। इस फिल्म ने दर्शकों को अपना दीवाना बनाया था और फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार सहित कई पुरस्कार मिले थे।
‘क्वीन’ में कंगना मुख्य भूमिका में थीं और लीज़ा हेड़न, राजकुमार राव सहायक कलाकारों की भूमिका थी। फिलहाल इन दिनों कंगना अपनी आगामी फिल्म ‘रंगून’ में व्यस्त हैं। फिल्म में उनके साथ शाहिद कपूर और सैफ अली खान लीड रोल में हैं। फिल्म इसी साल 14 अक्टूबर को रिलीज होगी।



























