बॉलीवुड किंग शाहरुख खान और रितिक रोशन की आगामी फिल्में ‘रईस’ और ‘काबिल’ 26 जनवरी 2017 को एक साथ सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थीं। जिससे बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा टकराव देखने को मिलता। लेकिन अब रितिक और यामी गौतम स्टारर ‘काबिल’ 26 जनवरी की बजाए एक दिन पहले 25 जनवरी को रिलीज होगी।
फिल्म के निर्माताओं ने घोषणा की कि काबिल तय रिलीज से एक दिन पहले 25 जनवरी की शाम को रिलीज होगी। उन्होंने एक बयान में कहा, राकेश रोशन की काबिल भारत में 25 जनवरी, 2017 (शाम को) रिलीज होगी और शाम छह बजे के शो से सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी।
राकेश रोशन ने ट्विटर पर लिखा, 25 जनवरी को ‘काबिल’ नाम की एक खूबसूरत प्रेम कहानी का आनंद उठाएं। दूसरी तरफ शाहरुख की रईस के ट्रेलर रिलीज की जबरदस्त तैयारियां चल रही हैं। शाहरुख की तरफ से वीडियो शेयर करके 3500 स्क्रीन्स और 9 शहरों में एक साथ ‘रईस’ का ट्रेलर करने का ऐलान कर दिया गया है।
खास बात ये है कि 9 शहरो में ट्रेलर लॉन्च के दौरान शाहरुख अपने फैन्स से बातचीत भी करेंगे। शाहरुख वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिल्ली, मुंबई, बंगलुरू, हैदराबाद, कोलकाता, जयपुर, मोगा पंजाब, इंदौर और अहमदाबाद जैसे 9 शहरों दर्शको के साथ मुलाकात करेंगे।
साल 2017 को रिलीज होने वाली ‘रईस’ में शाहरुख के अलावा माहिरा खान और नवाजुद्दीन सिद्दिकी लीड रोल में हैं। जिसका निर्देशन नेशनल अवार्ड विनिंग निर्देशक राहुल ढोलकिया ने किया है। फिल्म का निर्माण रितेश सिद्धवानी और फरहान अख्तर की एक्सेल इंटरटेंमेंट और शाहरुख- गौरी खान की रेड चिलीस इंटरटेंमेंट कर रही है।


























