बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन की आने वाली फिल्म ‘जुड़वा 2’ में अभी तक दो हीरोइनों का नाम तय नहीं हो पा रहा था। इस फिल्म के लिए फीमेल कास्ट काफी दिनों से चर्चाओं का विषय बना हुआ था। लेकिन अब इस बात का पता चल गया है कि वरुण धवन अपनी फिल्म ‘जुड़वा 2’ में किन दो हीरोइन के साथ रोमांस करेंगे।
आपको बता दें कि वरुण जुड़वा 2 में अभिनेत्री जैकलीन फर्नान्डीज और तापसी पन्नू के साथ रोमांस करते नज़र आएंगे। गौरतलब है कि इस फिल्म के लिए श्रद्धा कपूर के अलावा पहले कई अभिनेत्रियों का नाम सामने आ चुका है। लेकिन अब जैकलीन और तापसी का नाम फाइनल हो चुका है। यह फिल्म 1997 में आई फिल्म ‘जुड़वा’ का सीक्वल है। इस फिल्म में सलमान ने डबल रोल किया था। और वरुण भी इसके सीक्वल में डबल रोल की भूमिका निभाएंगे।
बता दें कि वरुण का काफी समय से एक सपना था कि वह अपने पिता डेविड धवन की फिल्म ‘जुड़वा’ के सीक्वल में डबल किरदार निभाएं। 1997 में आई फिल्म जुड़वा में सलमान खान मुख्य भूमिका में थे और उनके साथ अभिनेत्री करिश्मा कपूर और रम्भा ने रोमांस किया था।
चर्चा तो यह भी है कि ‘जुड़वा 2’ में सलमान खान भी नजर आएंगे। डेविड धवन ने उन्हें एक ख़ास किरदार के लिए राजी कर लिया है। अब सलमान फिल्म में गेस्ट अपीयरेंस देते दिखाई देंगे। सलमान ‘जुड़वा 2’ में वरुण के गुंडा-गॉडफादर के किरदार में नज़र आएंगे।
इस फिल्म के प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला ही होंगे जो पहले पार्ट के निर्माता थे और निर्देशक होंगे साजिद फरहाद। सीक्वल फिल्म में ‘जुड़वा’ का मशहूर गाना ‘टन टना टन टारा’ का लेटेस्ट वर्जन भी होगा।



























