कल सोमवार को बाराबती स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 मैच में साउथ अफ्रीका ने भारत को छह विकेट से शिकस्त दे दी और इसके साथ ही साउथ अफ्रीका ने सीरीज पर अपना कब्ज़ा कर लिया।
तीन मैचों की सीरीज पर 2-0 से साउथ अफ्रीका ने बढ़त हासिल कर ली है। बता दें कि कल भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैंसला लिया और भारतीय पारी 17.2 ओवरों में 92 रनों पर समेट दी गयी।
कल हुए मैच में रविचंद्रन अश्विन ने चार ओवरों में 24 रन देकर अब्राहम डिविलियर्स (19), हाशिम अमला (9) और कप्तान फॉफ डू प्लेसिस (16) के तीन अहम विकेट लिए।
आपको बता दें कि कल खेले गए मैच में दो बार हंगामों की वजह से मैच को बीच में रोकना पड़ा। अफ्रीकी टीम के जब 11 ओवर का खेल पूरा हुआ उस वक्त दर्शकों ने मैदान पर बोतलें फेंकनी शुरु कर दी। जिसके बाद मैच रोक दिया गया।
20 मिनट के बाद खेल एक बार फिर शुरु हुआ लेकिन दो ओवर बाद ही मैदान पर फिर से हंगामा शुरु हो गया। जिसके बाद एक बार फिर खेल को रोकना पड़ा। इस बार सभी खिलाड़ी मैदान से बाहर चले गए थे।

























