भारत ने न्यूजीलैंड को तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक ताज पर अपनी धाक जमा ली हैं। भारत के दुनिया की नंबर एक टेस्ट टीम बनने पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को इंदौर में आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप गदा सौंपी गई।
भारत आधिकारिक रूप से पाकिस्तान को पछाड़कर दुनिया की नंबर एक टेस्ट टीम बन गयी हैं। अब पाकिस्तान के हाथों रैंकिंग और गदा दोनों ही निकल गई है। भारत ने पहला टेस्ट 197 रन से, दूसरा टेस्ट 178 रन से और तीसरा टेस्ट 321 रन से जीतकर नंबर एक पोजिशन मजबूती से अपने कब्जे में कर ली।
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने तीसरा टैस्ट 321 रन के बड़े अंतर से जीतने और न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-0 से क्लीन स्वीप करने के बाद मंगलवार को कहा कि यह पूरी तरह टीम सीरीज जीत है।
विराट ने तीसरा टैस्ट चौथे दिन ही समाप्त हो जाने के बाद कहा कि यह पूरी तरह टीम सीरीज जीत है। इसमें किसी एक व्यक्ति का योगदान नहीं है बल्कि पूरी टीम का योगदान है। अश्विन ने हालांकि पूरी ही सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया। जडेजा ने पहले मैच में बल्ले से भी योगदान दिया। साहा और रोहित ने दूसरे टैस्ट में महत्वपूर्ण पारियां खेली। कप्तान ने अश्विन की तारीफ करते हुए कहा रविचंद्रन अश्विन एंड कंपनी किसी भी पिच पर मैच जीतने की कूव्वत रखती है।
कप्तान विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्टों की सीरीज को 3-0 से क्लीन स्वीप कर सुनील गावस्कर, नवाब पटौदी और राहुल द्रविड़ जैसे देश के दिग्गज कप्तानों को एक झटके में पीछे छोड़ दिया।
विराट ने अपनी कप्तानी में 17 टेस्टों में 10 मैच जीत लिए हैं और इसके साथ ही वह गावस्कर, पटौदी और द्रविड़ से आगे निकल गए हैं। द्रविड़ ने 25 टेस्टों में आठ जीत, नवाब पटौदी ने 40 टेस्टों में नौ जीत और गावस्कर ने 47 टेस्टों में नौ जीत हासिल की थी।





























