टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से जारी ताजा ट्वंटी-20 विश्व रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में टॉप पर कायम हैं जबकि आस्ट्रेलिया के तूफानी बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल 16 स्थानों की लंबी छलांग लगाकर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
बता दें कि मैक्सवेल के करियर की यह सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। इसके अलावा वह ऑलराउंडरों की सूची में भी पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। भारतीय टैस्ट कप्तान विराट 820 रेटिंग के साथ बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर कायम हैं। उनके बाद आस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज आरोन फिंच 771 रेटिंग के साथ दूसरे नंबर पर हैं।
इसके बाद मैक्सवेल 763 रेटिंग के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।शीर्ष 10 में इसके अलावा चौथे स्थान पर न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल,5वें पर दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डू प्लेसी, छठे पर केन विलियम्सन, 7वें पर इंगलैंड के जो रूट, आठवें पर इंग्लैंड के ही एलेक्स हेल्स, नौवें पर अफगानिस्तान के मोहम्मद शहजाद और 10वें स्थान पर वेस्टइंडीज के क्रिस गेल मौजूद हैं।
शीर्ष 10 में विराट के अलावा और कोई भारतीय बल्लेबाज नहीं है।


























