देश की पहली महिला ओलंपियन पहलवान गीता फोगाट और राठधाना गांव के पहलवान पवन के साथ रविवार को शादी हुई। इन दोनों ने ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने के लिए गीता और पवन ने सात नहीं बल्कि आठ फेरे लिए।
पहलवान महावीर फोगट की बायोपिक ‘दंगल’ में महावीर का किरदार निभाने वाले आमिर खान, अपनी फिल्म में बनी बेटी को आशीर्वाद देने उनकी शादी में सम्मलित हुए। आमिर खान ने अपने सिर पर लाल रंग की पगड़ी पहने हुई थी। वह गीता के लिए कई उपहारों के साथ भिवानी के बिलाली गांव पहुंचे। उन्होंने चांदी के दो बड़े थालों में मिठाई, ड्राई फ्रूट, फूल और कई गिफ्ट दिए।
आमिर ने कहा कि यह तो अभी छोटी सी भेंट है असली उपहार तो दिसंबर में दूंगा। उन्होंने गीता की शादी में नोटबंदी के कारण गीता को चेक से ही शगुन दिया। आमिर गीता को शादी का जोड़ा देना चाहते थे। लेकिन यहां रिवाज़ था कि शादी का जोड़ा लड़की के मामा के यहां से ही आता है इसलिए उनकी यह मनोकामना पूरी नहीं हो पाई।
आमिर के लिए गीता के पिता द्रोणाचार्य अवार्डी महावीर ने ख़ास तौर पर भोजन तैयार करवाया था। और गीता के पिता ने खुद आमिर को खाना परोसा। आमिर ने कहा कि उन्हें यह खातिरदारी हमेशा याद रहेगी। आमिर की गीता के होने वाले पति पवन से मिलने की बहुत इच्छा थी लेकिन समय के न होने के कारण यह संभव नहीं हो पाया।
गीता फोगट के जीवन पर बनी फिल्म ‘दंगल’ बनने की ख़ुशी में आमिर खान, साक्षी तंवर, फिल्म के डायरेक्टर नितेश तिवारी व फिल्म से जुडी पूरी टीम गीता की शादी में मौजूद थी। आपको बता दें कि फिल्म ‘दंगल’ 23 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।






























