अभिनेता आमिर खान और उनकी पत्नी किरण राव के खिलाफ असहिष्णुता पर की गयी टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ एक एफआईआर दर्ज की गयी है। दरअसल यह एफआईआर बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की एक अदालत के निर्देश पर दर्ज की गयी है।
25 नवंबर को स्थानीय व्यवहार न्यायालय में भादवि की धारा 153 ए एवं बी और 154 के तहत दायर एक परिवाद पत्र पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सुषमा त्रिवेदी के निर्देश पर नगर थाना में आज आमिर और उनकी पत्नी के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गयी।
आपको बता दें कि आमिर खान के दिल्ली में एक समारोह में बातचीत के दौरान पिछले छह से आठ महीनों में असहिष्णुता की घटनाएं बढने पर ‘‘निराशा’’ व्यक्त किए जाने के बाद से वे विवादों के घेरे में है।
आमिर ने कहा था, ‘‘मैं और किरण मेरी पत्नी जीवन भर भारत में रहे हैं। उन्होंने पहली बार कहा कि क्या हमें देश से बाहर चले जाना चाहिए। उन्हें अपने बच्चे को लेकर चिंता है, वह इस बात को लेकर चिंतित हैं कि हमारे आस-पास माहौल कैसा होगा।’’
बता दें कि अभी हाल ही में असहिष्णुता मुद्दे पर आमिर ने अपना बयान दिया था। उन्होंने अपने बयान में कहा कि मैं आपको साफ बता दूं कि ना तो मैं और ना ही मेरी पत्नी का देश छोड़ने का कोई इरादा है।
उन्होंने कहा हमने कभी नहीं कहा और न हीभविष्य में ऐसा कभी कहेंगे। जो कोई भी ऐसी बात कह रहा है या तो उसने मेरा इंटरव्यू सुना नहीं या फिर जानबूझकर मेरी बात को तोड़ मरोड़ा जा रहा है। मैंने हमेशा कहा कि भारत मेरा देश है। मैं इससे प्यार करता हूं। मैं अपने आपको खुशकिस्मत समझता हूं कि मैंने यहां जन्म लिया और मैं यहां रह रहा हूं।























