फिल्म “Udta Punjab” की मुसीबतें बढ़ी, हट सकता है ‘पंजाब’

फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ विवादों में फंसती ही चली जा रही हैं। फिल्म में सी.बी.एफ.सी. द्वारा 40 कटौतियां करने के बाद फिल्म के को-प्रोड्यूसर अनुराग कश्यप ने न्यायाधिकरण और सूचना एवं प्रसारण मंत्री से इस मामले में दखल करने का निवेदन किया था।

अब खबर है कि ट्रिब्यूनल ने फिल्म मेकर्स से मांग की है कि फिल्म के नाम ‘उड़ता पंजाब’ में से ‘पंजाब’ शब्द को निकाल दिया जाए। प्रोडक्शन हाऊस के एक सूत्र के अनुसार पिछले शुक्रवार ट्रिब्यूनल के लिए फिल्म की स्क्रीनिंग रखी गई थी।

उन्होंने फिल्म देखने के बाद कहा था कि वे इस फिल्म के लिए सोमवार तक अपनी सिफारिश भेज देंगे लेकिन उन्होंने डायरैक्टर से कहा कि फिल्म के नाम में से ‘पंजाब’ शब्द हटा लिया जाए।

इतना ही नहीं, वे यह भी चाहते थे कि फिल्म में पंजाब से जुड़ा कोई भी रैफरैंस हटा दिया जाए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ड्रग्स और गालियों के अंधाधुंध प्रयोग की वजह से ‘उड़ता पंजाब’ को सैंसर बोर्ड का अप्रूवल नहीं मिल पा रहा है।

आपको बता दें कि ये फिल्म अभिषेक चौबे के निर्देशन में बनी है। फिल्म में करीना कपूर खान, शाहिद कपूर, आलिया भट्ट, दिलजीत दोसांझ नजर आएंगे।  ये फिल्म 17 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होनी हैं।

udta punjab