2014 से अधर में लटकी फिल्म ‘सात उचक्के’ अब जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। मनोज बाजपेयी और अनुपम खेर की इस फिल्म का पोस्टर जारी कर दिया गया है। फिल्म के पोस्टर के अनुसार 14 अक्टूबर को फिल्म रिलीज़ होगी। मंगलवार को फिल्म का धमाकेदार पोस्टर जारी किया गया है।
निर्माता ‘नीरज पांडेय’ की यह फिल्म को पहले 2014 के अंत में ही रिलीज होनी थी, मगर सही रिलीज डेट नहीं मिलने के कारण फिल्म की रिलीज रोक दी गई थी।इस साल मई में फिल्म का टीजर जारी किया गया था, जिसके बाद सेंसर बोर्ड ने फिल्म पर लगाम लगा दी थी।
दरअसल, इस फिल्म में धड़ल्ले से आपत्तिजनक संवाद का इस्तेमाल किया गया है। मई में मूवी का टीजर जारी होने के बाद यह ऑनलाइन जबरदस्त वायरल हुआ था।सात दोस्तों की कहानी पर आधारित इस फिल्म में मनोज बाजपेयी, अनुपम खेर, केके मेनन, विजय राज, अन्नु कपूर, अदिति शर्मा और अप्रशक्ति खुराना जैसे बड़े चेहरे नज़र आएंगे।
फिल्म के निर्माता ‘नीरज पांडेय’ बेबी, द वेडनेस डे जैसी बेहतरीन फिल्म बना चुके हैं। 30 सितम्बर को इनकी फिल्म ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ भी रिलीज होने वाली है।




























