बीसीसीआई ने टीम इंडिया को दिवाली का धमाकेदार उपहार दिया है जिससे टीम इंडिया के खिलाड़ियों की इस दीवाली चांदी होने वाली है। दुनिया के सबसे धनी बोर्ड कहे जाने वाले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने खिलाड़ियों के लिए अब टैस्ट मैच की फीस को दोगुना कर दिया है।
आपको बता दें कि मौजूदा समय में खिलाड़ियों को प्रति मैच 7 लाख रुपए मिलते हैं, जो बढ़कर अब 15 लाख रुपए हो जाएंगे। बोर्ड ने रिजर्व खिलाड़ियों की फीस भी दोगुनी करते हुए 7 लाख रुपए कर दी है।
बीसीसीआई के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने बोर्ड की बैठक में यह घोषणा की। बैठक के बाद ठाकुर ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि हम टैस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता देना चाहते हैं। हमने युवा खिलाड़ियों के बीच टैस्ट क्रिकेट के रुझान को बढ़ाने के लिए चर्चा की थी।
टॉप-3 रैकिंग वाली टीमों के खिलाफ जीतने पर मैच फीस का 50% और सीरीज जीतने पर 100% बोनस मिलता है और शतक पर 5 लाख और दौहरा शतक जमाने पर 7 लाख रुपए का बोनस मिलता है। वहीं पारी में 5 विकेट लेने पर 5 लाख और 10 विकेट लेने पर 7 लाख रुपए का बेनस मिलता है।



























