Bajrangi Bhaijaan की रिलीज पर फिर पाबंदी की मांग, उच्च न्यायालय में याचिका दायर
सलमान खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ एक बार फिर से विवादों में घिर गयी है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर की गई जिसमें सलमान खान अभिनीत बजरंगी भाईजान की रिलीज पर पाबंदी की मांग की गई।
यह याचिका चित्रकूट के सामाजिक कार्यकर्ता अनिल प्रधान द्वारा दायर की गयी है। इसमें फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गयी है।
आरोप लगाया गया है कि फिल्म में ऐसे दृश्य हैं जो बहुसंख्यक समुदाय की धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंचा सकते हैं। ईद पर रिलीज होने जा रही यह फिल्म पाकिस्तान से भारतीय सीमा में आई एक युवती की कहानी बताती है।
उधर दूसरी तरफ फिल्म के टाइटल नेम ‘बजरंगी भाईजान’ के खिलाफ अखाड़ा परिषद् ने मोर्चा खोल दिया है। अखाड़ा परिषद् के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि ने कहा कि अगर अदालत इसकी रिलीज पर रोक नहीं लगाएगी, तो नागा संन्यासी इसका विरोध करेंगे।
महंत नरेंद्र गिरि ने ये भी कहा कि अक्सर देखा जाता है कि फिल्मों के जरिए हिंदू देवी-देवताओं पर निशाना साधा जाता है। हनुमानजी का नाम इस तरह से ‘बजरंगी भाईजान’ के साथ जोड़ा जाना अशोभनीय है।
फिल्म बजरंगी भाईजान में सलमान खान, करीना कपूर और नवाजुद्दीन सिद्दिकी ने अहम भूमिका निभाई है। फिल्म 17 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
















