उत्तरप्रदेश में टैक्स फ्री हुई “Airlift”, अक्षय ने दिया धन्यवाद
अभी हाल ही में 22 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई अक्षय कुमार और निम्रत कौर की अभिनीत फिल्म “एयरलिफ्ट” उत्तरप्रदेश राज्य में टैक्स फ्री हो गयी है। एयरलिफ्ट को उत्तरप्रदेश में टैक्स फ्री घोषित कर दिया गया है।
अक्षय ने यह खबर अपने ट्विटर अकाउंट पर साझा करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को धन्यवाद दिया। अक्षय ने लिखा, ‘‘अभी-अभी जानकारी मिली है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने एयरलिफ्ट को टैक्स फ्री घोषित कर दिया है। अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली युवा और प्रगतिशील टीम का धन्यवाद।’’
आपको बता दें कि फिल्म “एयरलिफ्ट” इराकी हमले के समय कुवैत में रहने वाले भारतीयों को सुरक्षित निकालने के मुद्दे पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन राजा कृष्णा मेनन ने किया है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लगातार जमकर कमाई कर रही है और लोग फिल्म को काफी सराह रहे है।

















