अगले महीने दीवाली के मौके पर प्रदर्शित होने जा रही मशहूर निर्माता निर्देशक करण जौहर की फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ पाकिस्तान द्वारा उडी में किए गए हमले के कारण अब मुश्किलों में फंसती नजर आ रही है। इस फिल्म के प्रदर्शन पर अब संशय के बादल मंडराने लगे हैं।
इसका कारण यह है कि बॉलीवुड कुछ सितारों द्वारा पाकिस्तानी कलाकारों के बहिष्कार की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ राजनीतिक लोगों ने उन फिल्मों के बहिष्कार की बात शुरू कर दी है जिनमें पाकिस्तानी कलाकार काम कर रहे हैं।
ऐसे में करण जौहर की फिल्म ऐ दिल है मुश्किल को लेकर संशय पैदा हो गया है कि करण जौहर की यह फिल्म प्रदर्शन के बाद बॉक्स ऑफिस पर सफल होगी या नहीं।भारत में पाकिस्तानी कलाकारों का विरोध होता रहा है, लेकिन उरी आतंकी हमले के बाद यह स्वर तीखा हो गया है। उन लोगों की आलोचना शुरू हो गई है जो पाकिस्तानी कलाकारों को अपनी फिल्मों में अवसर देते हैं।
गायक अभिजीत तो इस मामले में लगातार बोलते आ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अपने एक बयान में करण जौहर को दलाल तक कह दिया है। अभिजीत के अतिरिक्त बॉलीवुड के बाहरी लोगों ने भी अब पाकिस्तानी कलाकारों का विरोध करना शुरू कर दिया है।
इनका कहना है कि उन फिल्मों का बहिष्कार किया जाए जिनमें पाकिस्तानी अभिनेता या अभिनेत्री काम कर रहे हैं। इस कारण करण की फिल्म ‘मुश्किल’ में आ सकती है।‘ऐ दिल है मुश्किल’ का मुकाबला अजय देवगन की ‘शिवाय’ से है। यदि बहिष्कार वाली बात जोर पकड़ लेती है तो करण और उनकी फिल्म की मुश्किल और बढ़ सकती है।



























