पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या पर आधारित फिल्म ’31 अक्टूबर’ को सेंसर बोर्ड में काफी लंबे समय से अटकी हुई थी लेकिन अब फिल्म को कई दृश्यों की काटछांट के बाद सेंसर बोर्ड ने फिल्म को हरी झंडी दे दी है।
आपको बता दें कि इस फिल्म में अभिनेता वीर दास और एक्ट्रेस सोहा अली खान लीड रोल में है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता शिवाजी लोटन पाटिल ने इस फिल्म का निर्देशन किया है।
यह फिल्म इंदिरा गांधी की हत्या के बाद के घटनाक्रम पर आधारित है। फिल्म के निर्माता हैरी सचदेवा के मुताबिक, हिंसा और खून-खराबे वाले कई दृश्यों को इस फिल्म से हटा दिया गया है।
’31 अक्टूबर’ के निर्माता सचदेव ने कहा, ‘इसमें समय लगा, लेकिन हम सेंसर बोर्ड को वे दृश्य रखने के लिए राजी करने में कामयाब रहे, जो कहानी की सच्चाई के लिए जरूरी हैं। मैंने नौ बड़े कट्स किए हैं। सेंसर ने जोर देकर कहा था कि कुछ संवाद और दृश्य खास समुदाय को भड़का सकते हैं, इसलिए उन्हें कम करना जरूरी है। सुधार समिति ने हमसे कई बार फिल्म जमा करवाई और जिन दृश्यों से उन्हें ऐतराज था, उन्हें कटवाया।’



























